चूक की कोई गुंजाइश नहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने लिया लोकसभा चुनाव की तैयारियों का फीडबैक; भाजपा की जीत के लिए बनाई योजना।
देहरादून- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रदेश भाजपा के साथ दो दिवसीय समन्वय बैठक शनिवार से प्रारंभ हो गई। पहले दिन संघ पदाधिकारियों ने भाजपा के प्रांतीय नेतृत्व से लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर फीडबैक लिया। बैठक के दूसरे दिन रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत उनकी कैबिनेट के कुछ मंत्री भी बैठक में शामिल होंगे।
लोकसभा चुनाव के दृष्टिकोण से संघ व भाजपा की समन्वय बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शनिवार को देहरादून में तिलक रोड स्थित कार्यालय में शुरू हुई बैठक में दिनभर मंथन हुआ। इस अवसर पर संघ के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र, प्रांत प्रचारक डा शैलेंद्र समेत प्रांतीय टोली और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट व प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार शामिल हुए।
लोकसभा सीटों की स्थिति की हुई समीक्षा
सूत्रों के अनुसार बैठक में राज्य की पांचों लोकसभा सीटों की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही प्रदेश भाजपा द्वारा चुनावी दृष्टि से अब तक किए गए कार्यों व आगामी कार्यक्रमों के बारे में जानकारी ली गई। इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि राज्य की सभी लोकसभा सीटों पर पिछली बार के मुकाबले अधिक मतों से जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
राज्य में भाजपा वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से अब तक के प्रत्येक चुनाव में अजेय रही है। इसी कालखंड में भाजपा ने दोबारा सत्तासीन होकर मिथक तोड़ा था।अब पार्टी के सामने लोकसभा चुनाव में हैट्रिक लगाने की चुनौती है। इसी हिसाब से भाजपा ने अपनी रणनीति को अंतिम रूप दिया है। मार्च तक के कार्यक्रम पार्टी पहले ही घोषित कर चुकी है।