मैदानी क्षेत्रों में कोहरा बढ़ा सकता है दुश्वारी, यहां जानें अब कब होगी बर्फबारी।
देहरादून- उत्तराखंड में मौसम शुष्क है और तापमान भी सामान्य से अधिक बना हुआ है हालांकि, सुबह-शाम ठिठुरन बनी हुई है अगले कुछ दिन मैदानी क्षेत्रों में हल्का कोहरा छाया रह सकता है पहाड़ी क्षेत्रों में पाला दुश्वारी बढ़ा सकता है पारे में मामूली व़द्धि हो सकती है।
दून में बुधवार को भी सुबह हल्की धुंध के बाद दिनभर धूप खिली रही शाम को हल्की हवाओं ने जरूर ठिठुरन बढ़ा दी दून का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया अन्य शहरों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस तक अधिक है ऐसे में दिन में ठंड में कमी है, लेकिन सुबह-शाम अभी कंपकंपी महसूस की जा रही है।
गुरुवार को ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है।
मैदानी क्षेत्रों में हल्का कोहरा छाया रह सकता है।
वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में पाला परेशानी बढ़ा सकता है।
आगामी एक फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में कहीं-कहीं बादल विकसित हो सकते हैं।
पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा-बर्फबारी होने की आशंका है। जिससे पारे में गिरावट आ सकती है।
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 23.6, 8.5
ऊधमसिंह नगर, 23.4, 6.2
मुक्तेश्वर, 16.6, 5.7
नई टिहरी, 16.2, 5.2
नैनीताल में बिन बरसे लौट गए बादल
नैनीताल सरोवर नगरी बुधवार को छाए बादल बिन बरसे ही लौट गए मौसम विभाग ने तीन फरवरी से वर्षा की संभावना जताई है इस बीच मौसम शुष्क बना रहेगा नगर के आसमान में सुबह बादलों ने डेरा डाल दिया था जिस कारण वर्षा के कयास लगाए जाने लगे थे, लेकिन बारिश तो नहीं हुई, अलबत्ता दोपहर में को कोहरे की चादर बिछनी शुरू हो गई जिस कारण ठंड में बढ़ोतरी हो गई।
शीतकाल में बारिश नहीं होने से नैनी झील के जलस्तर में निरंतर गिरावट बनी हुई है, जो सात फीट से नीचे जा पहुंचा है जीआइसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 18 व न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस रहा आद्रता अधिकतम 79 व न्यूनतम 50 प्रतिशत रही।
धारचूला से मिली सूचना के अनुसार लिपुलेख, नावीढांग, कालापानी, गुंजी, नाबी, कुटी, ज्योलिंगकोंग आदि कैलास, ओम पर्वत, छियालेक तक हिमपात हो रहा है।
दारमा घाटी में भी गावों में हिमपात की सूचना है मुनस्यारी से मिली जानकारी के अनुसार ऊंची चोटियों सहित उच्च हिमालयी मल्ला जोहार के गांवों में भी हिमपात हो रहा है हिमनगरी मुनस्यारी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।