केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कांग्रेस पर साधा निशाना, संविधान बदलने के आरोप पर कही बड़ी बात।
देहरादून- केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका एक तंत्र झूठ बोलने और लोगों को भ्रमित करने का काम करता है।
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि अगर बाबा भीमराव आंबेडकर भी दोबारा जन्म लेकर आ जाएं तो संविधान नहीं बदल सकते। उन्होंने कहा कि विपक्ष के इस झूठ का असर लोकसभा चुनाव में हरियाणा के एक वर्ग पर पड़ा है। अब हमें मिलकर घर-घर तक इस झूठ को बेनकाब करना होगा।
सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे खट्टर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका एक तंत्र झूठ बोलने और लोगों को भ्रमित करने का काम करता है।
उन्होंने कहा कि हमने लोकसभा चुनाव नतीजों के बाद हरियाणा का विश्लेषण किया। सामने आया कि कांग्रेस ने पहले तो ये सवाल उठाया कि मोदी को तो सरकार बनाने के लिए 272 सीटों की जरूरत है, ये 400 क्यों मांग रहे हैं। इसके पीछे ये झूठ फैला दिया कि 400 सीटें लाकर ये संविधान बदल देंगे।
ये आरक्षण को खत्म कर देंगे उन्होंने कहा कि हरियाणा में हमारा एक वर्ग ऐसा है, जिस पर इस झूठ का प्रभाव पड़ा है। कहा कि हमें वहां घर-घर जाकर सच्चाई बतानी होगी। उन्हें बताना होगा कि दोबारा से डॉ. भीमराव आंबेडकर भी जन्म लेकर आ जाएं और वो ये कह दें कि संविधान बदल दो तो देश का संविधान नहीं बदला जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारों में संविधान में 125 से ज्यादा बार संशोधन हुए हैं। कहा, विपक्ष के ऐसे ही झूठ का सच जन-जन के बीच पहुंचाना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।